क्रिकेट के भगवान पहुँचे अचानकमार…एटीआर के जंगलों में तेंदुलकर परिवार: शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

बिलासपुर. क्रिकेट के भगवान पहुँचे अचानकमार…एटीआर के जंगलों में तेंदुलकर परिवार: शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के सुदूर वनांचल क्षेत्र में एक खास नजारा देखने को मिला, जब महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार ग्राम बम्हनी पहुंचा। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. अंजली तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर ने ग्रामीण जीवन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का करीब से अवलोकन किया।


मुंगेली जिले के घने जंगलों में बसे ग्राम बम्हनी में जैसे ही तेंदुलकर परिवार का आगमन हुआ, ग्रामीणों में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल बन गया। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


एक दिवसीय इस दौरे का मुख्य उद्देश्य वनांचल क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य और बच्चों की शिक्षा की वास्तविक स्थिति को समझना था। क्षेत्र में गनियारी जनस्वास्थ्य समिति द्वारा निःशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। तेंदुलकर परिवार इसी समिति के कार्यों का निरीक्षण करने और जमीनी हकीकत जानने के लिए चिकित्सकों की टीम के साथ यहां पहुंचा था।


दौरे के दौरान डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने फुलवारी केंद्र का निरीक्षण किया तथा बालवाड़ी पहुंचकर आदिवासी बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और शिक्षा के स्तर को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की। साथ ही वन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और चुनौतियों की भी जानकारी ली।


तेंदुलकर परिवार के इस दौरे को ग्रामीणों ने सराहा और उम्मीद जताई कि उनके इस पहल से वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। स्थानीय प्रशासन और समिति के सदस्यों ने भी इसे प्रेरणादायक कदम बताया।
यह दौरा न केवल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय रहा, बल्कि इससे समाज के प्रभावशाली वर्ग की ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के प्रति संवेदनशीलता भी उजागर करता है

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!