पुलिस टीम पर हमला

महासमुंद.जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में पुलिस टीम पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत फरार आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ पटेवा पहुंचे थे। यहां पटेवा थाना सहित अन्य पुलिस इकाइयों के सहयोग से संयुक्त टीम गठित कर ग्राम पचरी में दबिश दी गई।


पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों के परिजन और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

इस हमले में सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। वहीं कई अन्य पुलिसकर्मी और एक महिला आरक्षक भी घायल हो गए। हमले के दौरान पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिसमें हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का कांच तोड़ दिया गया।

घटना के दौरान आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। हालांकि पुलिस टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सुरक्षित थाना पटेवा ले आई।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय मारकण्डेय, विनोद मारकण्डेय सहित उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और मारपीट जैसे गंभीर आरोपों के तहत कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 3 अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस पर हुए इस हमले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!