मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए “छत्तीसगढ़ डायल-112 फेज-II (बस्तर जोन)” परियोजना का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस नई व्यवस्था से बस्तर संभाग सहित प्रदेश के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े एवं एसपी रत्ना सिंह भी मौजूद रहीं।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ डायल-112 सेवा प्रदेश में 4 सितम्बर 2018 से संचालित है और अब इसके विस्तार स्वरूप “डायल-112 फेज-II (बस्तर जोन)” के अंतर्गत बस्तर संभाग के सभी 33 थानों को शामिल किया गया है। इस नई व्यवस्था का लोकार्पण 18 मई 2026 को किया गया।
फेज-II के तहत प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERVs) तैनात किए जा रहे हैं। इन अत्याधुनिक वाहनों में पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, एमडीटी (मोबाइल डाटा टर्मिनल), स्मार्ट मोबाइल फोन तथा अन्य आवश्यक इमरजेंसी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे घटनास्थल पर त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही प्रदेश में संचालित 60 हाईवे पेट्रोल वाहनों को भी इस प्रणाली से जोड़ा गया है। एकीकृत व्यवस्था के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा सेवा, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन, महिला हेल्पलाइन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी सेवाओं को आपातकालीन नंबर 112 से लिंक किया गया है, ताकि नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर समन्वित सहायता मिल सके।
परियोजना के संचालन हेतु अत्याधुनिक प्राइमरी सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। साथ ही सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय में सेकेंडरी सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी तैयार किया गया है। यदि किसी तकनीकी कारणवश प्राइमरी सेंटर में बाधा उत्पन्न होती है, तो सेकेंडरी सेंटर तत्काल संचालन संभालकर सेवाओं को निर्बाध बनाए रखेगा।

बताया गया कि यह परियोजना भारत सरकार की ईआरएसएस 2.0 परिकल्पना पर आधारित है। परियोजना में सिस्टम इंटीग्रेटर के रूप में सी-डीएसी, फ्लीट पार्टनर के रूप में ईएमआरआई तथा कंसल्टेंट के रूप में प्राइसवाटरहाउसकूपर्स प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट की भूमिका निभा रहे हैं।
पूर्व में डायल-112 के अंतर्गत बस्तर जिले में केवल 11 वाहन संचालित थे, जबकि अब पूरे बस्तर संभाग को सेवा से आच्छादित कर दिया गया है। अब इस क्षेत्र में कुल 31 इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल संचालित होंगी, जिससे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी आपात स्थिति में तेजी से सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
