सरगुजा (बतौली): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां जिला सहकारी बैंक के औचक निरीक्षण पर पहुंचे सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर संदिपान ने प्रशासनिक प्रोटोकॉल को दरकिनार कर संवेदनशीलता की एक अनोखी मिसाल पेश की। एक बुजुर्ग महिला, जो अपनी पेंशन के पैसे ठीक से नहीं गिन पा रही थी, के कहने पर कलेक्टर ने एक बेटे की तरह उनके पैसे गिनकर उनके हाथों में सौंपे। यह वाकया अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर अपने प्रशासनिक अमले के साथ बतौली स्थित जिला सहकारी बैंक का निरीक्षण करने पहुंचे थे। बैंक के अंदर कामकाज का जायजा लेने के दौरान उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी। जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर खड़ी यह महिला अपने कांपते हाथों में कुछ मुड़े-तुड़े नोट लिए खड़ी थी। उम्र के असर और धुंधली आंखों के कारण वह अपनी पेंशन की राशि को ठीक से गिन नहीं पा रही थी।
“ले ना… गिन दे…”
बुजुर्ग महिला इस बात से पूरी तरह अनजान थी कि उनके सामने जिले का सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी खड़ा है। बिना किसी डर या झिझक के, उन्होंने सहज विश्वास और एक मां के अधिकार के साथ अपने हाथ आगे बढ़ाए और ठेठ स्थानीय अंदाज में कहा— “ले ना… गिन दे…”
ये चार शब्द केवल एक आग्रह नहीं थे, बल्कि उस छत्तीसगढ़ी माटी की सादगी का प्रतीक थे जहां लोग अनजानों में भी अपनापन ढूंढ लेते हैं।

कलेक्टर ने पेश की सादगी की मिसाल
इस मासूम और आत्मीय पुकार को सुनकर कलेक्टर विलास भोसकर ने पद का कोई अहंकार नहीं दिखाया। उन्होंने पूरी विनम्रता के साथ झुककर महिला के हाथों से रुपए लिए और एक-एक नोट गिनकर वापस उनके हाथों में सौंप दिए। इस दौरान उनके चेहरे पर एक बड़े अधिकारी की कठोरता के बजाय एक बेटे जैसा अपनापन नजर आ रहा था।
पैसे वापस मिलते ही बुजुर्ग महिला के चेहरे पर जो संतोष और भरोसे की चमक उभरी, उसने वहां मौजूद हर अधिकारी और कर्मचारी का मन मोह लिया।
प्रशासनिक सफलता का असली पैमाना
यह घटना इस बात का जीवंत उदाहरण है कि दुनिया में चाहे कितने भी बड़े पद क्यों न मिल जाएं, लेकिन इंसानियत और सेवा भाव से बड़ा कोई ओहदा नहीं होता। फाइलों, नियमों और प्रोटोकॉल के बीच संवेदनाओं को इस तरह जीवित रखना ही असली प्रशासनिक सफलता है। सरगुजा कलेक्टर की इस सादगी और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
