बैकुंठपुर। बैकुंठपुर पुलिस लाइन निवासी आदिवासी छात्रा पूजा पैंकरा की आत्महत्या के मामले में अब सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया खुलकर सामने आ गया है। समाज ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में दर्ज एफआईआर के नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा आईसी मार्ट के संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सर्व आदिवासी समाज की ओर से 10 जुलाई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 8 जुलाई 2026 की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच बैकुंठपुर पुलिस लाइन निवासी आदिवासी छात्रा पूजा पैंकरा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे कोरिया जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। समाज का कहना है कि इस मामले में बैकुंठपुर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन अब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

ज्ञापन में विशेष रूप से आईसी मार्ट के संचालक की कथित संलिप्तता का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि समाज इस मामले में कठोर कार्रवाई चाहता है। समाज का आरोप है कि यदि समय रहते आरोपियों के विरुद्ध सख्त कदम नहीं उठाए गए तो न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास प्रभावित होगा।

सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए। दूसरी, आईसी मार्ट में यदि किसी प्रकार का अवैध निर्माण या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की जाए। तीसरी, मृतक छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। चौथी, पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस घटना के विरोध में सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया का प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए हुए है और न्याय मिलने तक आंदोलन की रूपरेखा पर भी विचार किया जा सकता है।
समाज ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रहे। अब इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
