गौ सम्मान आव्हान अभियान की प्रेस वार्ता सम्पन्न, 27 जुलाई को विशाल जुलूस के साथ कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन

गौ सम्मान आव्हान अभियान की प्रेस वार्ता सम्पन्न, 27 जुलाई को विशाल जुलूस के साथ कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन

मनेन्द्रगढ़ :- गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यह जनजागरण अभियान गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास है। इसका उद्देश्य गौवंश की सुरक्षा के प्रति जनचेतना विकसित करना तथा शासन-प्रशासन तक समाज की भावनाओं को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाना है।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि अभियान किसी राजनीतिक दल, संस्था अथवा व्यक्ति विशेष के विरोध या समर्थन का माध्यम नहीं है। यह पूर्णतः सामाजिक और सांस्कृतिक अभियान है, जिसके माध्यम से गौसेवा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जनसंपर्क, संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में गौसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान के अगले चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे श्री राम मंदिर, मनेन्द्रगढ़ के सामने से एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस में जिलेभर के गौसेवक, सामाजिक संगठन, युवा और आम नागरिक शामिल होंगे। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एमसीबी कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा, जहां कलेक्टर को गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ज्ञापन के माध्यम से गौवंश की सुरक्षा, निराश्रित गौवंश के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था, गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण तथा गौसेवा से जुड़े विषयों पर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने सभी गौभक्तों एवं नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामाजिक अभियान को सफल बनाएं।

प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया गया कि अभियान के दौरान सभी कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजित किए जाएंगे। किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा और अभियान का संचालन सेवा एवं जनसहभागिता की भावना से किया जाएगा।

इस अवसर पर रवि सिंह, राहुल जायसवाल, शिवम श्रीवास, आकाश विश्वकर्मा, अंकित शर्मा समेत अनेक पदाधिकारी एवं गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गौ सम्मान आव्हान अभियान समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के इस जनअभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाए। 27 जुलाई को आयोजित होने वाले जुलूस एवं ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!