मनेंद्रगढ़। प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं, प्रकृति-प्रेम एवं विशिष्ट जीवन-दृष्टि से परिचित कराना तथा ‘विविधता में एकता’ के भारतीय मूल्यों को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात कक्षा नवमी की छात्रा दीपांशी केवट ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के आदिवासी समुदायों की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति के साथ उनके आत्मीय संबंध तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को जीवंत बनाते हुए कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक लय, ताल एवं भाव-भंगिमाओं से सजी इस प्रस्तुति ने आदिवासी संस्कृति की जीवंतता और सामूहिकता को मंच पर साकार कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री अश्वनी वर्मा ने कहा कि आदिवासी संस्कृति भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अध्याय है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के साथ संतुलित जीवन, परंपराओं के सम्मान और सामूहिकता की भावना से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की विविध धाराओं से परिचित कर उन्हें संवेदनशील, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि हमारी विविधताएँ ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति हैं और प्रत्येक समुदाय की भाषा, परंपरा, कला एवं संस्कृति का सम्मान करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आदिवासी संस्कृति के सम्मान, प्रकृति संरक्षण एवं सामाजिक समरसता का संकल्प लिया। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ राज्यगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित यह विशेष प्रार्थना सभा विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, संस्कृति और संवेदना का सुंदर संगम रही तथा भारतीय सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने में सफल रही।
