35,800 कर्मचारियों को हर माह ₹31.88 लाख कम भुगतान का आरोप

SECL में गैस सिलेंडर भुगतान पर बड़ा सवाल!

SECL में गैस सिलेंडर भुगतान पर बड़ा सवाल!

अख़्तर जावेद उस्मानी बोले—“श्रमिकों का बकाया हक लौटाए प्रबंधन, कम भुगतान की पूरी राशि का हो एरियर्स भुगतान”

मनेन्द्रगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में कार्यरत करीब 35,800 कर्मचारियों के गैस सिलेंडर मद में भुगतान को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। हिंद मजदूर सभा ने आरोप लगाया है कि 14.5 किलोग्राम गैस सिलेंडर के मद में प्रत्येक कर्मचारी को करीब ₹89 कम भुगतान किया जा रहा है। इसके चलते कंपनी के कर्मचारियों को मिलाकर हर माह करीब ₹31 लाख 88 हजार कम भुगतान होने का दावा किया गया है। सालभर में यह राशि करीब ₹3.82 करोड़ तक पहुंच सकती है।

कोल इंडिया लिमिटेड के त्रिपक्षीय सेफ्टी बोर्ड में हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधि एवं हिंद खदान मजदूर फेडरेशन के सहायक महासचिव अख़्तर जावेद उस्मानी ने इस मामले को उठाते हुए SECL प्रबंधन से तत्काल भुगतान व्यवस्था की समीक्षा करने और कर्मचारियों को कम भुगतान की गई राशि का एरियर्स देने की मांग की है।

अख़्तर जावेद उस्मानी के अनुसार जुलाई 2026 में 14.5 किलोग्राम गैस सिलेंडर का सरकारी मूल्य ₹982.38 था। केंद्र एवं राज्य सरकार को जीएसटी के रूप में क्रमशः ₹24.56 और ₹24.56 का भुगतान किया गया। इसके बावजूद SECL की ओर से कर्मचारियों को गैस सिलेंडर मद में ₹942.50 का भुगतान किया गया।

उन्होंने कहा कि भुगतान में यह अंतर हजारों कर्मचारियों के लिए सामूहिक रूप से बड़ी राशि बन जाता है। करीब 35,800 कर्मचारियों के आधार पर हर माह लगभग ₹31.88 लाख की राशि कम भुगतान होने का दावा है। यदि एक वर्ष का हिसाब लगाया जाए तो यह राशि लगभग ₹3.82 करोड़ तक पहुंचती है।

पहले भी हो चुकी है कम भुगतान की शिकायत

अख़्तर जावेद उस्मानी ने कहा कि इस तरह की शिकायत पहले भी सामने आती रही है। श्रमिकों की आपत्ति के बाद भुगतान की दर में सुधार किया गया, लेकिन पूर्व में कम भुगतान की गई राशि का एरियर्स सभी कर्मचारियों को नहीं दिया गया।

उन्होंने राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की धारा 5.2.7 का हवाला देते हुए कहा कि कोयले के बदले 14.5 किलोग्राम गैस सिलेंडर के सरकारी मूल्य के आधार पर राशि का भुगतान कर्मचारियों को प्रत्येक माह किया जाना चाहिए। ऐसे में भुगतान में किसी भी तरह की कमी को दूर किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने SECL के महाप्रबंधक, मानव संस्थान प्रबंधन से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर भुगतान में अंतर को दूर किया जाए तथा पूर्व में कम भुगतान की गई पूरी राशि का आकलन कर संबंधित कर्मचारियों को एरियर्स का भुगतान किया जाए।

अख़्तर जावेद उस्मानी ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन श्रमिकों के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए बकाया राशि के भुगतान के आदेश जारी करेगा और भविष्य में कर्मचारियों को निर्धारित राशि का पूरा भुगतान सुनिश्चित करेगा।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!