मनेन्द्रगढ़। नगर में बढ़ती आवारा कुत्तों, गायों एवं बैलों की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद की वार्ड क्रमांक 07 की पार्षद कृतिका रवि जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पार्षद ने ज्ञापन में बताया कि इन दिनों मनेन्द्रगढ़ नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते, गाय एवं बैल खुले में घूमते नजर आ रहे हैं। इनके कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति निर्मित हो रही है। विशेष रूप से नगर के विभिन्न स्कूलों के सामने एवं आसपास कचरा जमा होने के कारण बड़ी संख्या में गाय एवं बैल एकत्रित रहते हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कई बार छोटे बच्चों को देखकर मवेशी उनके पीछे दौड़ते हैं अथवा हमला करने की स्थिति निर्मित हो जाती है। इससे बच्चों एवं उनके अभिभावकों में भय का वातावरण बना हुआ है। वहीं, नगर के कई स्थानों पर बड़े-बड़े बैल आपस में लड़ते रहते हैं, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है। सड़क पर खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को भी इनके कारण नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पार्षद ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कुत्तों द्वारा लोगों की गाड़ियों के बाहर खड़े रहने तथा कई स्थानों पर वाहनों की सीट एवं अन्य हिस्सों को फाड़कर नुकसान पहुंचाने की शिकायतें नागरिकों द्वारा की जा रही हैं। आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों में भय की स्थिति बनी हुई है।
कृतिका रवि जैन ने कहा कि यह विषय सीधे तौर पर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर क्षेत्र में आवारा मवेशियों एवं कुत्तों के नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को होने वाली परेशानी तथा संभावित दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
