मनेन्द्रगढ़। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जन्मदिवस के अवसर पर आज सरस्वती विकास विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष श्री पूनम चंद अग्रवाल, संरक्षक श्री कमल कुमार केजरीवाल, उपाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल दुग्गड़, सम्माननीय सदस्य श्री सार्थक अग्रवाल एवं श्री राजेंद्र पंसारी, मुख्य अतिथि श्री रामचरित द्विवेदी, प्राचार्य श्री वेद प्रकाश पाण्डेय, प्रधान पाठक श्री हीरालाल केवट एवं प्रधान पाठिका श्रीमती सुषमा श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षकों को टीका-चंदन लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। प्रिया सेन, माही यादव एवं श्यामा द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम में उत्साह एवं भावपूर्ण वातावरण का संचार किया। कक्षा 12वीं की छात्रा रितिका मालिक ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं श्रीमती शांति नाविक, श्रीमती सुशीला कुशवाहा, श्रीमती अंजलि वर्मा, प्रधान पाठिका श्रीमती सुषमा श्रीवास्तव, प्रधान पाठक श्री हीरालाल केवट एवं वरिष्ठ शिक्षक श्री पी.एन. तिवारी ने शिक्षक दिवस के महत्व तथा शिक्षक की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि श्री रामचरित द्विवेदी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। समिति के सम्माननीय सदस्य श्री सार्थक अग्रवाल एवं श्री राजेंद्र पंसारी ने शिक्षा के क्षेत्र में बदलते समय के साथ नई शिक्षण तकनीकों एवं आधुनिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय समिति द्वारा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर शिक्षकों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री वेद प्रकाश पाण्डेय ने संस्था के पदाधिकारियों, समिति सदस्यों, अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण का मार्गदर्शक भी होता है।
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

