राहुल गांधी के साथ दिल्ली में युवा नेताओं का मंथन, नीरज पांडेय ने उठाई छत्तीसगढ़ के छात्रों की आवाज

राहुल गांधी के साथ दिल्ली में युवा नेताओं का मंथन, नीरज पांडेय ने उठाई छत्तीसगढ़ के छात्रों की आवाज


नई दिल्ली। देशभर के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में एनएसयूआई, भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) और सेवा दल के चुनिंदा नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में छत्तीसगढ़ एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने प्रदेश के विद्यार्थियों की समस्याओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।


बैठक के दौरान नीरज पांडेय ने छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और दूरस्थ क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं से राहुल गांधी को अवगत कराया। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से जुड़े विषयों पर संगठन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।


राहुल गांधी ने युवा नेताओं का बढ़ाया उत्साह
बैठक में राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ एनएसयूआई की सक्रियता और नीरज पांडेय के नेतृत्व में छात्र हितों को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने युवा नेताओं को ‘बब्बर शेर’ बताते हुए उनके संघर्ष और प्रतिबद्धता पर विश्वास जताया। राहुल गांधी ने कहा, “मुझे आप पर गर्व है। हम न्याय और संघर्ष की इस लड़ाई में एक साथ, पूरी मजबूती से खड़े हैं।”


छात्र आंदोलनों को नई दिशा मिलने की उम्मीद
शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई इस बैठक को छत्तीसगढ़ के युवा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन का मानना है कि राहुल गांधी के साथ संवाद से प्रदेश में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने में मदद मिलेगी। साथ ही, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और प्रभावी बनाने की दिशा में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
नीरज पांडेय की इस सहभागिता को छत्तीसगढ़ के छात्र संगठनों और युवा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!