शिशु की मौत के बाद इलाज में देरी, अस्पताल में मंत्री का हंगामा, लापरवाही पर कड़ी फटकार


सूरजपुर।शिशु की मौत के बाद इलाज में देरी, अस्पताल में मंत्री का हंगामा, लापरवाही पर कड़ी फटकार जिला चिकित्सालय स्थित 100 बिस्तरीय मातृत्व शिशु अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। गर्भवती महिला के गर्भ में शिशु की मृत्यु हो जाने के बावजूद समय पर इलाज और ऑपरेशन नहीं किए जाने से मामला गंभीर हो गया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही प्रदेश की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अचानक अस्पताल पहुंच गईं और वहां की स्थिति देखकर भड़क उठीं।


जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के दौरान गर्भ में ही शिशु की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय रहते ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के कारण घंटों तक मरीज को इंतजार करना पड़ा। इतना ही नहीं, ऑपरेशन के लिए जरूरी ब्लड की व्यवस्था करने में भी अस्पताल प्रशासन ने गंभीर ढिलाई बरती।


परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मदद मांगने पर अस्पताल स्टाफ का व्यवहार असंवेदनशील और दुर्व्यवहारपूर्ण था। इसी बीच किसी ने पूरे मामले की शिकायत मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से कर दी। शिकायत मिलते ही मंत्री बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंच गईं।


अस्पताल पहुंचते ही मंत्री ने मरीज की स्थिति की जानकारी ली और परिजनों से बात की। हालात जानने के बाद उन्होंने डॉक्टरों और मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों के साथ इस तरह की लापरवाही और दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए कहा कि जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। इस दौरान मंत्री का संवेदनशील चेहरा भी सामने आया, जब उन्होंने भावुक होकर कहा— “जरूरत पड़े तो मेरा ब्लड ले लो, लेकिन मरीज का इलाज तुरंत होना चाहिए।”
मंत्री के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्टाफ हरकत में आया और मरीज के इलाज की प्रक्रिया तेज की गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


इस घटना ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर मातृत्व सेवाओं की गुणवत्ता और आपातकालीन स्थिति में तत्परता को लेकर।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!