12वें वेतन समझौते की मांग को लेकर 10 अगस्त को SECL के सभी क्षेत्रों में होगा प्रदर्शन, क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों का होगा घेराव

12वें वेतन समझौते की मांग को लेकर 10 अगस्त को SECL के सभी क्षेत्रों में होगा प्रदर्शन, क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों का होगा घेराव

12वें वेतन समझौते की मांग को लेकर 10 अगस्त को SECL के सभी क्षेत्रों में होगा प्रदर्शन, क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों का होगा घेराव


मनेन्द्रगढ़। कोयला मज़दूर पंचायत (संबद्ध हिंद मज़दूर सभा) ने कोयला श्रमिकों के 12वें वेतन समझौते के लिए ज्वाइंट बाइपार्टाइट कमेटी फॉर कोल इंडस्ट्री (JBCCI) के तत्काल गठन की मांग को लेकर 10 अगस्त 2026 को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के सभी क्षेत्रों में क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन द्वारा SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को औपचारिक सूचना भी भेज दी गई है।


हिंद मज़दूर सभा के अंतर्गत देश के खनन उद्योग के लिए गठित हिंद खदान मज़दूर फेडरेशन के राष्ट्रीय सहायक महामंत्री अख़्तर जावेद उस्मानी ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को चारों राष्ट्रीय मज़दूर संगठनों की ऑनलाइन बैठक में लिए गए निर्णय तथा हिंद मज़दूर सभा के राष्ट्रीय महामंत्री हरभजन सिंह सिद्धू के निर्देशानुसार कोल इंडिया लिमिटेड की सभी अनुषंगी कंपनियों में संयुक्त मोर्चे के बैनर तले यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि कोयला मज़दूर पंचायत ने सभी कोयला श्रमिकों से 10 अगस्त को बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है, ताकि कोल इंडिया प्रबंधन को श्रमिकों की समस्याओं, उनकी वर्तमान स्थिति और 12वें वेतन समझौते की लंबित प्रक्रिया की ओर ध्यान देने के लिए मजबूर किया जा सके।


अख़्तर जावेद उस्मानी ने कहा कि यदि समय रहते 12वें वेतन समझौते की दिशा में पहल नहीं हुई तो प्रबंधन नए लेबर कोड का सहारा लेकर श्रमिकों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं में कटौती कर सकता है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे इस चुनौती को गंभीरता से समझें और अपनी एकता तथा अटल संकल्प का परिचय दें।


उन्होंने जानकारी दी कि 10 अगस्त के देशव्यापी प्रदर्शन के बाद 12 सितंबर 2026 को रांची में कोयला मज़दूरों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आंदोलन की आगामी रणनीति और व्यापक कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
मज़दूर संगठनों का कहना है कि फिलहाल चारों राष्ट्रीय संगठन केवल एक ही मांग—12वें वेतन समझौते के लिए JBCCI का तत्काल गठन—को लेकर संयुक्त रूप से आंदोलन कर रहे हैं। उनका मानना है कि 10 अगस्त का यह प्रदर्शन भविष्य में होने वाले बड़े श्रमिक आंदोलन की मजबूत नींव साबित होगा।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!