चिरमिरी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के बयान पर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है। चिरमिरी पहुंचे जगद्गुरु ने कांग्रेस और डॉ. महंत को आड़े हाथों लेते हुए संतों के प्रति मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “मुझे भाजपा का प्रचारक कहने में आपको शर्म नहीं आती, लेकिन मैं आपकी कृपा से जगद्गुरु नहीं बना हूँ।” डॉ. महंत के बयान को असभ्यता करार देते हुए उन्होंने कहा कि संत समाज के प्रति राजनीतिक लोगों को अपनी मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए।
सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह पर साधा निशाना
रामभद्राचार्य जी ने इतिहास का जिक्र करते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताए जाने वाले कथित बयान का समर्थन तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने भी किया था। जगद्गुरु ने बताया कि उन्होंने उस समय पत्र लिखकर सवाल उठाया था कि गुरु ग्रंथ साहिब में हजारों बार श्रीराम नाम का उल्लेख होने के बावजूद एक सिख प्रधानमंत्री ने इस तरह की बातों का समर्थन कैसे किया।
साय सरकार की तारीफ; बोले- नक्सलवाद से मुक्त हो रहा छत्तीसगढ़
डॉ. महंत पर निशाना साधते हुए जगद्गुरु ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद और आतंकवाद की आग में झोंक दिया गया था। लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और विकास की राह पर है।

